माकपा ने जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की बनाई रणनीति

 माकपा ने जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की बनाई रणनीति

स्मार्ट मीटर का विरोध, वीबी ग्राम जी योजना में 125 दिन रोजगार की मांग; 15 सितंबर से अभियान


मंडी : अजय सूर्या /

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) मंडी जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार को कॉमरेड तारा चंद भवन मंडी में जिला अध्यक्ष जोगिंदर वालिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राज्य केंद्र से डॉ. ओंकार शाद, जिला सचिव कुशाल भारद्वाज सहित जिला कमेटी के अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश और जिला स्तर से जुड़े विभिन्न जनमुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी समय में आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई।


बैठक में माकपा नेताओं ने केंद्र सरकार की मजदूर, किसान और युवा विरोधी नीतियों, देश में लगातार बढ़ रही महंगाई तथा हिमाचल प्रदेश को बजट जारी करने में कथित भेदभाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि महंगाई बढ़ने से आम आदमी के लिए परिवार का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है, जबकि युवाओं के सामने रोजगार की समस्या लगातार बनी हुई है। माकपा ने प्रदेश सरकार से युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा महिलाओं को मासिक भत्ता जारी करने की मांग भी उठाई।


स्मार्ट मीटर लगाने का किया विरोध


बैठक में बिजली क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर भी पार्टी ने अपना विरोध दर्ज करवाया। माकपा नेताओं ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए तो पार्टी जनता को लामबंद कर इसके खिलाफ आंदोलन करेगी। नेताओं ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को इस मामले में स्पष्ट नीति अपनानी चाहिए।


पेंशन और आपदा प्रभावितों के मुद्दे पर चिंता


माकपा ने बुजुर्गों, विधवाओं और एकल महिलाओं की लंबित पेंशन जल्द जारी करने की मांग की। इसके साथ ही वर्ष 2023 से 2025 तक आपदा प्रभावित परिवारों के लिए घोषित राहत राशि उपलब्ध करवाने तथा जिन प्रभावित परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें मकान निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई गई।


बैठक में मंडी जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा हुई। पार्टी ने विभिन्न क्षेत्रों में बसों की कमी दूर करने की मांग की। इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की कमी, लैब और एक्स-रे जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव तथा सीबीएसई स्कूलों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति न होने पर भी चिंता जताई गई।


125 दिन रोजगार की मांग, 15 सितंबर से अभियान


बैठक में मनरेगा के स्थान पर लागू की गई वीबी ग्राम जी योजना को लेकर भी चर्चा की गई। माकपा ने इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग उठाई। पार्टी ने निर्णय लिया कि 15 सितंबर से विशेष अभियान चलाकर लोगों से रोजगार के लिए आवेदन करवाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण परिवारों को रोजगार का अधिकार दिलाने के लिए दबाव बनाया जा सके।


हर्बल गार्डन आंदोलन को समर्थन


माकपा ने जोगिंदरनगर स्थित हर्बल गार्डन से शोध केंद्र को स्थानांतरित करने के विरोध में चल रहे आंदोलन को भी समर्थन देने का निर्णय लिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि स्थानीय स्तर पर स्थापित संस्थानों और शोध केंद्रों को कमजोर करने के बजाय उन्हें मजबूत किया जाना चाहिए तथा क्षेत्र की जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार को उचित निर्णय लेना चाहिए।


सिंथेटिक नशे के बढ़ते प्रचलन पर जताई चिंता


बैठक में मंडी जिले में सिंथेटिक नशे के बढ़ते प्रचलन को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रभाव युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से नशे की तस्करी पर कड़े कदम उठाने के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।


विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा


बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी संगठनात्मक स्तर पर चर्चा की गई। माकपा नेताओं ने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को उठाना होगा। बैठक में भाजपा को सत्ता में आने से रोकने तथा माकपा को मजबूत करने के लिए संगठन को सक्रिय करने और जनसमस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन चलाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।


पार्टी ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में रोजगार, महंगाई, पेंशन, आपदा प्रभावितों की सहायता, बिजली उपभोक्ताओं के अधिकार, स्वास्थ्य और परिवहन जैसी जनसमस्याओं को लेकर माकपा जनता के बीच सक्रिय रूप से अभियान चलाएगी।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

नूरपुर शहर के गुमशुदा राघव का शव मिला दुकान के अंदर

ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ की प्रधानाचार्य अनामिका चौधरी

Canada Plane Crash: कनाडा के अल्बर्टा में बड़ा हादसा, विमान क्रैश होने से पायलट समेत 6 यात्रियों की मौत

PMAY-G के अंतर्गत आवास प्लस एप्लीकेशन से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों का होगा नया सर्वेक्षण

दी नगरोटा सूरियां वितरण एवं विधायन सहकारी सभा समिति का वार्षिक साधारण अधिवेशन दिनांक 28,,7, 2023 शुक्रवार को ब्लाक खंड कार्यालय में कमेटी हॉल में सुबह 11:00 बजे रखा गया है

प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने 15 साल बाद टीजीटी भर्ती एवं पदोन्नति नियम बदले

चौगान स्थित नाले की निकासी को लेकर फोरलेन निर्माण कंपनी के मैनेजर ने किया दौरा

भांबला जिला परिषद वार्ड को एससी पुरुष के लिए आरक्षित करने की उठी मांग

टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए खुला संवाद जरूरी: डीसी

मजदूर दिवस पर 4 लेबर कोड़ को समाप्त कर राहत प्रदान करें पीएम मोदी