45 महीनों की 45 उपलब्धियों का पत्रक तैयार, संजीव गुलेरिया की पहल को मुख्यमंत्री की सराहना
45 महीनों की 45 उपलब्धियों का पत्रक तैयार, संजीव गुलेरिया की पहल को मुख्यमंत्री की सराहना
कंसा चौक में मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया चार पेज के पत्रक का विमोचन, प्रदेशभर में वितरण के दिए निर्देश
एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया की पहल पर तैयार हुआ पत्रक, सरकार के प्रमुख फैसलों और विकास कार्यों को किया गया संकलित
अजय सूर्या मंडी। प्रदेश सरकार के 45 महीने के कार्यकाल में किए गए प्रमुख कार्यों और महत्वपूर्ण फैसलों को आम जनता तक पहुंचाने की पहल एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने की है। उनकी पहल पर तैयार किए गए चार पेज के पत्रक का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कंसा चौक में विमोचन किया।
पत्रक में सरकार के 45 महीने के कार्यकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, कृषि, पर्यटन और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों और लिए गए फैसलों को संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किया गया है।
विमोचन के दौरान मुख्यमंत्री ने संजीव गुलेरिया की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें शाबाशी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने पत्रक को प्रदेश के सभी जिलों में वितरित करने के निर्देश भी दिए।
पत्रक के पहले पन्ने पर ‘व्यवस्था परिवर्तन के 45 महीने, 45 ऐतिहासिक फैसले’ और ‘प्रगति के पथ पर बढ़ता हिमाचल’ जैसे संदेशों के माध्यम से सरकार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
पत्रक में पुरानी पेंशन योजना की बहाली, महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता, परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, युवाओं के लिए ई-टैक्सी सब्सिडी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं और फैसलों को शामिल किया गया है।
संजीव गुलेरिया ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सरल एवं संक्षिप्त रूप में आम जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पत्रक के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया है कि विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का लाभ लोगों तक किस प्रकार पहुंच रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें