जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से सौंपा मांगपत्र, आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा !
जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में एसडीएम के माध्यम से सौंपा मांगपत्र, आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा !
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को क्षेत्रवासियों ने पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष कांगड़ा जगदेव ठाकुर के नेतृत्व में एसडीएम फतेहपुर रमण कुमार शर्मा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन एवं मांगपत्र भेजा। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की गई।
जगदेव ठाकुर ने कहा कि फतेहपुर क्षेत्र की कई सड़कों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि अनेक स्थानों पर सड़कों की स्थिति ऐसी है कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध न होने को भी गंभीर समस्या बताया।
उन्होंने कहा कि बंदरों और बेसहारा पशुओं के कारण क्षेत्र के किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य समस्याओं को भी ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल के ध्यान में लाया गया है।
जगदेव ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जनता से कई वादे किए थे, लेकिन उनके अनुसार अनेक वादे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने महिलाओं के साथ-साथ युवाओं से किए वादे भी पूरे नहीं किए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन उनके अनुसार सरकार के करीब चार वर्ष के कार्यकाल में रोजगार के मोर्चे पर अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए हैं। रोजगार के मुद्दे को लेकर हाल में प्रदेश विधानसभा में भी सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई है। सरकार ने विधानसभा में विभिन्न माध्यमों से रोजगार उपलब्ध करवाने तथा सरकारी पदों पर भर्तियां जारी रहने की बात कही है।
इस दौरान क्षेत्रवासियों की ओर से आक्रोश रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
एसडीएम फतेहपुर रमण कुमार शर्मा ने कहा कि उन्हें सौंपा गया ज्ञापन तुरंत प्रभाव से जिलाधीश कांगड़ा की सेवा में भेज दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व बीईईओ बलवंत सिंह, पूर्व प्रधान कुटवासी हरिन्दर पाल मेजर, राम कुमार शर्मा, सवर्ण सिंह राणा ,प्रधान भाटियां नीलमा देवी, उपप्रधान बलकार सिंह, कैप्टन भाग सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति, युवा वर्ग एवं क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें