नए मुख्यमंत्री कार्यालय पर सुधीर शर्मा का तंज, बोले—₹50 करोड़ कार्यालय के लिए, लेकिन सेंटर यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के लिए ₹20 करोड़ नहीं
नए मुख्यमंत्री कार्यालय पर सुधीर शर्मा का तंज, बोले—₹50 करोड़ कार्यालय के लिए, लेकिन सेंटर यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस के लिए ₹20 करोड़ नहीं
शिमला : गायत्री गर्ग /
हिमाचल प्रदेश में नए मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्माण को लेकर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय पर खर्च होने वाली राशि और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठाए हैं।
सुधीर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को सचिवालय में नया कार्यालय मिल रहा है, जिसके निर्माण पर करीब ₹50 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में किसी मुख्यमंत्री के कार्यालय के निर्माण पर इतनी बड़ी राशि खर्च किए जाने का उदाहरण सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर संसाधनों की कमी की बात करती है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के कार्यालय पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सुधीर शर्मा ने सरकार से सवाल किया कि विकास और शिक्षा से जुड़े कार्यों के लिए धन की कमी क्यों बताई जा रही है।
सेंटर यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस का मुद्दा उठाते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि नए मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए करीब ₹50 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण के लिए ₹20 करोड़ उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिक्षा और विकास से जुड़े संस्थानों के लिए भी सरकार को पर्याप्त धन उपलब्ध करवाना चाहिए।
सुधीर शर्मा ने नए मुख्यमंत्री कार्यालय में लगाए गए फर्नीचर को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कार्यालय में लगाए गए कुछ सोफों की कीमत प्रति सोफा ₹6 से ₹7 लाख तक बताई जा रही है और इनके बिल भी बनाए गए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर सवाल करते हुए कहा कि सरकार को ऐसी परिस्थितियां पैदा नहीं करनी चाहिए, जिनमें आने वाले समय में प्रदेश के पास आर्थिक संसाधन ही न बचें।
सुधीर शर्मा ने कहा कि ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए कि “प्रदेश, प्रदेश न रहे, कहीं केंद्र शासित प्रदेश न बन जाए।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें