चिट्टे के खिलाफ रिवालसर में बच्चों ने उठाई आवाज, लघु नाटिका से दिया नशा मुक्ति का संदेश
चिट्टे के खिलाफ रिवालसर में बच्चों ने उठाई आवाज, लघु नाटिका से दिया नशा मुक्ति का संदेश
रिवालसर : अजय सूर्या /
चिट्टे और नशे के खिलाफ हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवालसर के एनसीसी कैडेट्स और नन्हे विद्यार्थियों ने जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए रिवालसर झील परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर चिट्टे के बढ़ते प्रचलन तथा इसके समाज और युवा पीढ़ी पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। नाटिका के माध्यम से बच्चों ने लोगों से नशे से दूर रहने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स और छोटे विद्यार्थियों ने रिवालसर झील परिसर में सफाई अभियान चलाया। बच्चों ने परिसर में बिखरे कचरे को एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया और स्थानीय लोगों व पर्यटकों को सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। बच्चों की इस पहल के माध्यम से नशा मुक्ति और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें