नूरपुर में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

 नूरपुर में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

एसडीएम अरुण शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और पोषण पर हुई चर्चा


जसूर : राकेश शर्मा /

 नूरपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा बाल विकास परियोजना के तत्वावधान में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने की।


बैठक में खंड स्तरीय मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत गठित ब्लॉक टास्क फोर्स, पोषण अभियान के अंतर्गत गठित कन्वर्जेंस समिति तथा मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत गठित खंड स्तरीय समिति के कार्यों की समीक्षा की गई।


इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों, लाभार्थियों तक पहुंच रही सुविधाओं तथा आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। एसडीएम अरुण शर्मा ने अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


बाल विकास परियोजना अधिकारी नूरपुर सुभाष चंद ने समेकित बाल विकास सेवाओं के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें समान अवसर उपलब्ध करवाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।


उन्होंने पक्षपाती लिंग चयन की प्रक्रिया के उन्मूलन, बालिकाओं के अस्तित्व एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा के लिए परिवार, समाज तथा संबंधित विभागों का सामूहिक सहयोग जरूरी है।


बैठक में पोषण अभियान के तहत बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।


वहीं, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत पात्र बच्चों और आश्रितों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा हुई। योजना से जुड़े मामलों की प्रगति, पात्र लाभार्थियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।


एसडीएम अरुण शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों, महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं और पात्र लाभार्थियों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध करवाएं।


बैठक में बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें: