चौहरघाटी में नियमित बस सेवा न मिलने से ग्रामीण परेशान, नियमित संचालन की उठी मांग
चौहरघाटी में नियमित बस सेवा न मिलने से ग्रामीण परेशान, नियमित संचालन की उठी मांग
मंडी : अजय सूर्या /
जिला मंडी के दरंग विधानसभा क्षेत्र की चौहरघाटी की दो पंचायतों के ग्रामीण नियमित बस सेवा न मिलने के कारण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सुबह की इकलौती एचआरटीसी बस सेवा भी नियमित रूप से नहीं चल रही है, जिसके चलते उन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम पंचायत सनवाड़ और बथेरी के सैकड़ों लोग इस बस रूट पर निर्भर हैं। ग्रामीणों के अनुसार कभी बस समय पर आती है तो कभी कई दिनों तक बस सेवा उपलब्ध नहीं होती। बस सेवा बाधित होने के कारण लोगों को मजबूरन महंगी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि नियमित परिवहन सुविधा नहीं मिलने से सबसे अधिक परेशानी विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को हो रही है। समय पर बस न मिलने के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि चौहरघाटी के इस बस रूट पर एचआरटीसी बस सेवा को नियमित किया जाए और बस के निर्धारित समय पर संचालन को सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके और उन्हें महंगी टैक्सियों पर निर्भर न रहना पड़े।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें