एनएसएस दिवस पर रिवालसर कॉलेज में गूंजा सेवा और स्वच्छता का संदेश
एनएसएस दिवस पर रिवालसर कॉलेज में गूंजा सेवा और स्वच्छता का संदेश
रिवालसर :अजय सूर्या /
राजकीय महाविद्यालय रिवालसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता पैदा करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवकों के अभिमुखीकरण सत्र से हुई। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रमणीक शर्मा ने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के इतिहास, उद्देश्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयंसेवकों से सामाजिक सेवा की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा एनएसएस के माध्यम से अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
इसके बाद महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक परिसर की सफाई करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता को महज अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
स्वच्छता अभियान में महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. बी. एन. कपूर, प्रो. मेहर चंद, प्रो. महेंद्र, प्रो. सूरज मणि तथा पुस्तकालयाध्यक्ष खेम चंद ने भी स्वयंसेवकों के साथ सक्रिय भागीदारी की। शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सहभागिता से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ा और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बल मिला।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रमणीक शर्मा ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों को केवल समाज सेवा से जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता, सेवा और जिम्मेदारी का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें