लाहौल,,डीसी किरण भड़ाना ने दारचा से जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को दिखाई हरी झंडी
लाहौल,,डीसी किरण भड़ाना ने दारचा से जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को दिखाई हरी झंडी
केलांग
हिमालय की दुर्गम व रोमांचकारी वादियों में साहस, रोमांच और मोटरस्पोर्ट का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को आज दारचा से उपायुक्त लाहौल-स्पीति श्रीमती किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
हिमालयन एक्सट्रीम मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर एक्स फ्यूजन ट्राइब के संयुक्त आयोजन में हो रही यह रैली इस वर्ष अपने छठे संस्करण में प्रवेश कर चुकी है। मनाली से शुरू हुई इस प्रतिष्ठित क्रॉस-कंट्री रैली का दारचा चरण प्रतिभागियों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण है। आयोजकों ने रैली के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति द्वारा प्रदान किए गए सहयोग और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन की ओर से रैली के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक सहयोग, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के माध्यम से सहायता तथा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया गया। प्रशासन ने रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपात परिस्थितियों में आवश्यक सहायता के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखा।
वर्ष 2021 में पहली बार आयोजित हुई रैली ऑफ हिमालयाज आज देश की कठिनतम क्रॉस-कंट्री मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना चुकी है। यह रैली प्रतिभागियों की endurance, नेविगेशन, वाहन क्षमता, तकनीकी दक्षता और कठिन हिमालयी परिस्थितियों में प्रदर्शन की क्षमता की परीक्षा लेती है।
इस वर्ष रैली में पेशेवर प्रतिभागियों के साथ निजी प्रतिभागी, महिला राइडर एवं चालक तथा सेना की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। मोटो श्रेणी में 80 राइडर, एक्सट्रीम श्रेणी में 35 प्रतिभागी और टीएसडी श्रेणी में 24 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें महिला प्रतिभागियों के साथ-साथ सेना की पांच टीमें भी शामिल हैं।
इस वर्ष की रैली का प्रमुख आकर्षण इसका पहली बार जांस्कर क्षेत्र में प्रवेश है। काजा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से आगे बढ़ते हुए प्रतिभागी जिस्पा और उसके बाद जांस्कर क्षेत्र की ओर जाएंगे। पदुम और पेंसी ला सहित अत्यंत दुर्गम और ऊंचाई वाले मार्गों से गुजरते हुए प्रतिभागियों को कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, लंबे प्रतिस्पर्धात्मक चरणों और तेजी से बदलते हिमालयी मौसम का सामना करना होगा।
रैली का यह संस्करण भारतीय मोटरस्पोर्ट के दिग्गज हरि सिंह ‘जिप्सी किंग’, पांच बार के राष्ट्रीय रैली चैंपियन, को समर्पित है। भारतीय रैली जगत में उनके योगदान ने मोटरस्पोर्ट की नई पीढ़ी को प्रेरित किया है।
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का पर्यटन विभाग भी रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के साथ प्रायोजक के रूप में जुड़ा है। रैली के माध्यम से जांस्कर को देश के प्रमुख उभरते साहसिक पर्यटन स्थलों में से एक के रूप में प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति, पुलिस विभाग, डीडीएमए, बीआरओ तथा अन्य संबंधित विभागों द्वारा रैली के सफल आयोजन के लिए दिए गए सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया,,,,,,,,,, केलांग से रंजीत लाहौली रिपोर्टिंग

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें