रोमा को सौंपी जिला मंडी सवाते एसोसिएशन की कमान, बनीं महासचिव
रोमा को सौंपी जिला मंडी सवाते एसोसिएशन की कमान, बनीं महासचिव
मंडी में सवाते खेल को नई दिशा देने का लिया संकल्प
मंडी : अजय सूर्या /
जिला मंडी में सवाते (फ्रेंच बॉक्सिंग) खेल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला मंडी सवाते एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। इसी क्रम में रोमा को जिला मंडी सवाते एसोसिएशन की नई जनरल सेक्रेटरी (महासचिव) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नियुक्ति की आधिकारिक घोषणा हिमाचल प्रदेश सवाते एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी संतोषी शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि रोमा के अनुभव, खेल के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उम्मीद जताई गई कि उनके नेतृत्व में मंडी जिले में सवाते खेल को नई गति मिलेगी।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
एसोसिएशन का उद्देश्य जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध करवाना है। जिला स्तर पर संगठन के सक्रिय होने से खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।
युवाओं को प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों पर रहेगा जोर
नवनियुक्त महासचिव रोमा ने अपनी नियुक्ति पर हिमाचल प्रदेश सवाते एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी संतोषी शर्मा सहित पूरी राज्य कार्यकारिणी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी मेहनत करेंगी।
रोमा ने कहा कि उनका विशेष फोकस मंडी जिले के युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने, नई प्रतिभाओं को आगे लाने और सवाते खेल की गतिविधियों को अधिक व्यापक बनाने पर रहेगा।
रोमा की नियुक्ति पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें