पंचायती राज को मजबूत बनाने में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अहम भूमिका : इंद्र सिंह गांधी
पंचायती राज को मजबूत बनाने में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अहम भूमिका : इंद्र सिंह गांधी
अजय सूर्या नेरचौक । बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चंडयाल में आयोजित प्रधान प्रशिक्षण कार्यक्रम में बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने पर जोर दिया।
विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को अपने दायित्वों, अधिकारों और विकास कार्यों के बेहतर क्रियान्वयन की जानकारी मिलती है, जिससे ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर नलसर पंचायत की प्रधान श्रीमती मीना कुमारी ने हिमाचली टोपी पहनाकर विधायक इंद्र सिंह गांधी का सम्मान किया। विधायक ने इस सम्मान के लिए मीना कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचली संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा यह आत्मीय सम्मान उनके लिए गौरवपूर्ण और स्मरणीय क्षण है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाकर ही गांवों के विकास को और गति दी जा सकती है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करते हुए सशक्त पंचायत, समृद्ध गांव और विकसित हिमाचल के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें