चौकी गांव में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, बैंकिंग योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
चौकी गांव में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर, बैंकिंग योजनाओं और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की दी जानकारी
नेरचौक : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की शाखा निहरी की ओर से गांव चौकी में डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार और निशांत शर्मा ने ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, बचत योजनाओं, ऋण सुविधाओं और डिजिटल लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
शिविर में पंचायत प्रधान, उपप्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने नाबार्ड एवं बैंक द्वारा संचालित विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बचत खाता, आरडी, फिक्स्ड डिपॉजिट, ‘सपनों का संचय’, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
इसके अलावा ग्रामीणों को किसान क्रेडिट कार्ड, पिकअप लोन, एजुकेशन लोन सहित विभिन्न ऋण सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के साथ उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सहायता प्रदान करना है।
शिविर के दौरान डिजिटल भुगतान को लेकर भी जागरूक किया गया। लोगों को Google Pay, HimPaisa सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित लेन-देन करने के तरीके बताए गए। साथ ही साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की गई। बैंक अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी और बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों ने बैंक की ओर से आयोजित इस जागरूकता शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के लिए वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता से जुड़ी जानकारी काफी उपयोगी है और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें