साच पास में सीजन की पहली बर्फबारी, सड़क पर थमी वाहनों की रफ्तार
साच पास में सीजन की पहली बर्फबारी, सड़क पर थमी वाहनों की रफ्तार
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में मौसम ने करवट बदल ली है। पांगी के साच पास में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। साच पास पर बर्फबारी के बाद पहाड़ सफेद चादर से ढक गए हैं। हालांकि अभी हिमपात हल्का हुआ है, लेकिन इसका असर सड़क पर साफ दिखाई देने लगा है। सड़क पर बर्फ जमने से कई वाहन और ट्रक रास्ते में फंस गए हैं, जबकि सैलानियों को लेकर जा रही गाड़ियों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
साच पास में हुई पहली बर्फबारी ने जहां इलाके की खूबसूरती बढ़ा दी है, वहीं वाहन चालकों की मुश्किलें भी बढ़ने लगी हैं। बर्फ जमते ही सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और कई जगह जाम जैसी स्थिति देखने को मिली।
पांगी घाटी का सड़क संपर्क पहले से ही मौसम की परिस्थितियों के प्रति संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में अगर आने वाले दिनों में हिमपात का दौर लगातार जारी रहता है और सड़क पर बर्फ की मोटी परत जमती है, तो पांगी घाटी में आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल साच पास में हुई हल्की बर्फबारी ने ही वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। अब नजर मौसम के अगले मिजाज पर है। अगर बर्फबारी ने जोर पकड़ा, तो सड़क संपर्क के साथ-साथ पांगी घाटी में रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें