पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, लंबित मामलों को लेकर हुई चर्चा
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, लंबित मामलों को लेकर हुई चर्चा
नूरपुर : विनय महाजन /
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन एवं संयुक्त फ्रंट के राज्य प्रधान आत्मा राम शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 21 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान प्रदेश के पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों को प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से पेंशनरों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई। इस पर मुख्यमंत्री ने पेंशनरों के मामलों को लेकर सरकार की ओर से जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में हिमाचल प्रदेश प्राचार्य एवं निरीक्षण अधिकारी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त अधिकारी पीसी विश्वकर्मा भी शामिल रहे। उन्होंने बताया कि बैठक में पेंशनरों के एरियर सहित अन्य मांगों को लेकर चर्चा हुई।
पीसी विश्वकर्मा के अनुसार, सरकार की ओर से बताया गया कि तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के एरियर का पूरा भुगतान किया जाएगा, जबकि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पदों से सेवानिवृत्त पेंशनरों को 15 प्रतिशत एरियर की किश्त अदा किए जाने की बात कही गई है।
पीसी विश्वकर्मा ने राज्य प्रधान आत्मा राम शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे पेंशनरों के हितों को लेकर सरकार के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर रहे हैं और लंबित हकों को जारी करवाने के लिए प्रयासरत हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दशहरा या दीपावली के अवसर पर पेंशनरों को कम से कम 8 प्रतिशत महंगाई राहत (Dearness Relief) प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा भी पेंशनरों के लिए 8 प्रतिशत महंगाई राहत की घोषणा की गई है, ऐसे में हिमाचल सरकार से भी इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया गया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें