चंबा-किलाड़ सड़क को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक परियोजना का दर्जा, पांगी में खुशी
चंबा-किलाड़ सड़क को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक परियोजना का दर्जा, पांगी में खुशी
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
पांगी। पांगी घाटी के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने चंबा-किलाड़ सड़क को राष्ट्रीय महत्व की रणनीतिक सड़क परियोजना घोषित किया है। इस फैसले का पांगी क्षेत्र में स्वागत किया जा रहा है। पंगवाल एकता मंच, पांगी एवं पांगी कल्याण मंच ने केंद्र सरकार और संबंधित मंत्रालयों का आभार जताया है।
पंगवाल एकता मंच के सह-अध्यक्ष भगत बढ़ोतरा ने प्रेस वार्ता में बताया कि रक्षा मंत्रालय ने कार्यालय ज्ञापन के माध्यम से चंबा-किलाड़ सड़क को राष्ट्रीय महत्व की सामरिक परियोजना घोषित किया है। इस सड़क को प्राथमिकता श्रेणी में शामिल किए जाने से इसके निर्माण और विस्तार कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय की ओर से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) को इस परियोजना के लिए Strategic Road Head Fund के तहत वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मंजूरी भी दी गई है। इससे लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को नई दिशा मिलने की उम्मीद है और पांगी घाटी की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
मंच के अनुसार, परियोजना के तहत देवी कोठी क्षेत्र के समीप प्रस्तावित करीब 13 किलोमीटर लंबी सुरंग के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त होगा। सुरंग का निर्माण होने से तीसा-किलाड़ के बीच की दूरी करीब 88 किलोमीटर तक कम होने की संभावना है। इससे सर्दियों सहित वर्ष के कई महीनों तक पांगी घाटी में रहने वाली संपर्क बाधा को दूर करने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।
पंगवाल एकता मंच ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि सीमावर्ती और जनजातीय क्षेत्र पांगी की रणनीतिक महत्ता को देखते हुए यह फैसला क्षेत्र के विकास, सुरक्षा और बेहतर संपर्क सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मंच ने उम्मीद जताई कि परियोजना के तेजी से क्रियान्वयन से पांगी घाटी के लोगों को आवागमन, व्यापार, पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं में राहत मिलेगी। साथ ही, बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में विकास की गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें