छातडु में गणेश उत्सव की पांचवीं संध्या पर भक्ति गीतों से गूंजा पंडाल
छातडु में गणेश उत्सव की पांचवीं संध्या पर भक्ति गीतों से गूंजा पंडाल
गायक अनिकेत कश्यप ने बांधा समां, प्रधान बलराज चौधरी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
अजय सूर्या नेरचौक। बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत छातडु में आयोजित पांचवें गणेश उत्सव की पांचवीं संध्या श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई। कार्यक्रम में गायक अनिकेत कश्यप ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत छातडु के प्रधान बलराज चौधरी बतौर मुख्य अतिथि, जबकि बीडीसी सदस्य चंद्रा देवी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। पंचायत के समस्त वार्ड सदस्य भी कार्यक्रम में पहुंचे।
गणेश उत्सव कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि प्रधान बलराज चौधरी को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं बीडीसी सदस्य चंद्रा देवी को शाल तथा सभी वार्ड सदस्यों को टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। गायक अनिकेत कश्यप को चुनरी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए : बलराज चौधरी
इस अवसर पर प्रधान बलराज चौधरी ने कहा कि गणेश उत्सव जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सनातन धर्म से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में संस्कारों के साथ सामाजिक और धार्मिक चेतना भी पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से पूरी तरह दूर रहना चाहिए और अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। युवा मेहनत और लगन से शिक्षा हासिल कर अपने माता-पिता, गांव और पंचायत का नाम रोशन करें। उन्होंने गणेश उत्सव कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पंचायत की ओर से भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रधान बलराज चौधरी ने गणेश उत्सव कमेटी को 15 हजार रुपए की राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने वाले आयोजनों में पंचायत हमेशा कमेटी के साथ खड़ी रहेगी।
इस मौके पर बीडीसी सदस्य कुम्मी छातडु, चंद्रा देवी, वार्ड सदस्य चंचला देवी, संतोष कुमारी, सावित्री देवी, परदेव, देवी रूप, संजय कुमार सहित गणेश उत्सव कमेटी के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें