क्षत्रिय संघ जिला मंडी के 105 सदस्यों को मिली आजीवन सदस्यता
क्षत्रिय संघ जिला मंडी के 105 सदस्यों को मिली आजीवन सदस्यता
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (1897) में किया गया विधिवत समाहित, सदस्यता प्रमाण-पत्र व पदक देकर किया सम्मानित
अजय सूर्या नेरचौक । अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (1897) के तत्वावधान में महामाया पैलेस, कनैड (तरोट) में सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरण एवं पदक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में टीका श्री शिवेंद्र पाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष युवा विंग ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में डॉ. वंदना चौहान, राष्ट्रीय कानूनी सलाहकार, माहता विवेक सिंह, प्रदेश अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश, राजेंद्र पाल चौहान, प्रदेश सचिव, वरिष्ठ मार्गदर्शक भक्त राम तथा मंडी जिला अध्यक्ष सूबेदार उत्तम चंद सहित महासभा के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में क्षत्रिय संघ जिला मंडी के 105 सदस्यों सहित कुछ पदाधिकारियों को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की आजीवन सदस्यता प्रदान की गई। इस अवसर पर सभी सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। महासभा में क्षत्रिय संघ जिला मंडी के सदस्यों का समाहित होना समाज की एकता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में श्री राजपूत सभा जिला मंडी के अध्यक्ष कर्नल एम.के. मांड्याल, महासचिव डॉ. सीताराम वर्मा सहित कई पदाधिकारियों ने भाग लिया। वहीं जीवन सहारा वृद्ध आश्रम, गुटकर की अध्यक्ष प्रिंसी राजपूत भी अपनी कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ समारोह में उपस्थित रहीं।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने राजपूत एवं क्षत्रिय समाज के उत्थान, विकास और एकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी सहयोग बढ़ाने तथा सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने महिलाओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
समारोह में समाज की एकजुटता, परंपराओं और सामाजिक जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने सामूहिक रूप से मांड्याली धाम का आनंद लिया। इसके पश्चात “जय देवा, जय भवानी” के जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें