कंगना को केवल व्यक्तिगत छवि चमकाने की चिंता, मंडी की जनता की नहीं परवाह : संजीव गुलेरिया
कंगना को केवल व्यक्तिगत छवि चमकाने की चिंता, मंडी की जनता की नहीं परवाह : संजीव गुलेरिया
सवेरा न्यूज/अजय सूर्या, मंडी। एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने मंडी की सांसद कंगना रणौत पर जनसरोकारों की अनदेखी करने और व्यक्तिगत छवि चमकाने में व्यस्त रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में सांसद का अधिकारियों के प्रति व्यवहार उचित नहीं था और उन्होंने कथित तौर पर असंसदीय भाषा का प्रयोग किया।
गुलेरिया ने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान सांसद बार-बार राष्ट्रीय मीडिया और दिल्ली के पत्रकारों को जवाब देने की बात करती नजर आईं, जबकि मंडी की जनता के प्रति अपनी जवाबदेही का उल्लेख नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि सांसद को क्षेत्र की जनता की वास्तविक चिंता है तो उन्हें अधिकारियों से उलझने के बजाय मंडी संसदीय क्षेत्र का व्यापक दौरा कर जनसमस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव जीतने के करीब दो वर्ष बाद सांसद ने संसदीय क्षेत्र के कितने विधानसभा क्षेत्रों और पंचायतों का दौरा किया है। गुलेरिया ने यह भी आरोप लगाया कि सांसद मंडी की अपेक्षा मनाली को अपना घर बताने पर अधिक जोर देती हैं और जनता से संपर्क की अपेक्षा निजी गतिविधियों में व्यस्त रहती हैं।
एपीएमसी चेयरमैन ने भाजपा के प्रदेश और जिला नेताओं से भी स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे सांसद के कथित व्यवहार का समर्थन करते हैं। उन्होंने मांग की कि सांसद अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कथित अशिष्ट एवं असंसदीय भाषा के प्रयोग के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगें।
फोटो कैप्शन : एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें