नरेश चौहान के बयान पर चमन राही ने जताई आपत्ति, कांग्रेस आलाकमान से कार्रवाई की मांग
नरेश चौहान के बयान पर चमन राही ने जताई आपत्ति, कांग्रेस आलाकमान से कार्रवाई की मांग
मंडी : अजय सूर्या /
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ उत्तराखंड में रैली के बाद हुई कथित घटना पर सबसे पहले आवाज उठाने वालों में शामिल चमन राही ने अब हिमाचल में अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े कथित विवादित बयान के मामले में कांग्रेस आलाकमान से कार्रवाई की मांग की है।
अखिल भारतीय दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक वर्ग के महासचिव एवं राज्य प्रवक्ता तथा कांग्रेस जिला मंडी अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व अध्यक्ष चमन राही ने कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य एवं एआईसीसी प्रभारी प्रशासन गुरदीप सिंह सप्पल से मामले पर चर्चा कर पत्र भेजा है। उन्होंने नाचन के बगी में आयोजित बैठक के दौरान नवनियुक्त राज्य अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस अध्यक्ष नरेश चौहान द्वारा रविदासी समुदाय को लेकर दिए गए कथित बयान पर आपत्ति जताई।
चमन राही ने कहा कि रविदासी और वाल्मीकि समुदाय लंबे समय से कांग्रेस के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच करवाने, जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अनुशासनात्मक समिति गठित करने की मांग की।
उन्होंने कांग्रेस संगठन में अनुसूचित जाति वर्ग के सभी उपवर्गों को जनसंख्या के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व देने का भी आग्रह किया। साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों को सरकार, प्रशासन, निगमों, बोर्डों एवं शिक्षण संस्थानों में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई।
बैठक में जीवन कुमार, आरपी सिंह, दिनेश शाह, नरेंद्र चौहान, सीडी बंसल, किशन कुमार, दलीप धीमान, चंदरजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें