दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन
दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य समापन
समापन समारोह में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और विधायक रणवीर सिंह निक्का नहीं हुए शामिल, क्षेत्र में चर्चाओं का दौर
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर स्थित श्री बृजराज स्वामी मंदिर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शनिवार देर शाम धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन भी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बृजराज स्वामी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव की अंतिम संध्या में फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने श्री बृजराज स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। श्रीमद्भगवद्गीता में दिए गए उनके उपदेश आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर का श्री बृजराज स्वामी मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां आयोजित राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, मंदिर कमेटी, आयोजन समिति, विभिन्न विभागों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की।
स्टार नाइट में बॉलीवुड गायकों ने बांधा समां
महोत्सव की स्टार नाइट में बॉलीवुड गायक डॉ. गगन सिंह एवं अनुज शर्मा ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दोनों गायकों ने लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। दर्शक देर रात तक उनकी प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।
इसके अलावा स्थानीय कलाकारों और स्कूल के बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम में हिमाचली लोक संस्कृति की मनमोहक झलक भी देखने को मिली।
नूरपुर के एसडीएम अरुण शर्मा ने महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, मंदिर कमेटी, कलाकारों, स्थानीय लोगों तथा श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वन विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य योगेश महाजन, एएसपी धर्मपाल वर्मा, एसडीएम अरुण शर्मा, तहसीलदार राधिका सैनी, नगर परिषद अध्यक्ष नीति महाजन, श्री बृजराज स्वामी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सांसद और विधायक की अनुपस्थिति चर्चा में
समापन समारोह में कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक रणवीर सिंह निक्का की मौजूदगी नहीं रही। दोनों जनप्रतिनिधियों के समारोह में शामिल न होने को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चलती रहीं। हालांकि, उनकी अनुपस्थिति के संबंध में उनकी ओर से कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें