नूरपुर विधायक रणबीर सिंह निक्का ने लिया 5,000 पौधे लगाने का संकल्प
नूरपुर विधायक रणबीर सिंह निक्का ने लिया 5,000 पौधे लगाने का संकल्प
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणबीर सिंह निक्का ने क्षेत्र में 5,000 पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने अपने साथियों के साथ पौधरोपण अभियान को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
विधायक रणबीर सिंह निक्का ने कहा कि उनके लिए राजनीति केवल चुनाव और भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा का वास्तविक अर्थ समाज के लिए निरंतर कार्य करना और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की नींव तैयार करना है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के बुजुर्ग भी लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहे हैं और समाजसेवा की भावना उन्हें पारिवारिक विरासत के रूप में मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी समाजसेवा को व्यापार का माध्यम नहीं बनाया।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध हवा प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पहाड़ हमारी पहचान हैं और प्रकृति हमें जीवन के साथ-साथ मानसिक शांति भी प्रदान करती है। ऐसे में हरियाली बढ़ाना, पर्यावरण का संरक्षण करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
निक्का ने कहा कि 5,000 पौधे केवल एक संख्या नहीं, बल्कि हरित और बेहतर भविष्य की नींव हैं। यदि हमें प्रकृति को बचाना है और पर्यावरण को स्वच्छ रखना है तो अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण एवं पालन-पोषण भी सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने और पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें