बच्चों को केवल प्रतियोगिताओं के समय नहीं, पूरे वर्ष खेलों से जोड़ें शिक्षक: प्रो. चन्द्र कुमार
बच्चों को केवल प्रतियोगिताओं के समय नहीं, पूरे वर्ष खेलों से जोड़ें शिक्षक: प्रो. चन्द्र कुमार
नूरपुर : विनय महाजन /
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमाड़ द्वारा आयोजित ज्वाली जोन की अंडर-19 छात्राओं की तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ आज कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने किया। प्रतियोगिताएं 6 से 8 सितंबर तक आयोजित की जा रही हैं, जिनमें 28 विद्यालयों की 258 खिलाड़ी कबड्डी, वॉलीबॉल, चेस, बैडमिंटन तथा खो-खो में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट विद्यार्थी ही जीवन में सफलता की ओर आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों का किसी न किसी खेल गतिविधि में नियमित रूप से भाग लेना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों को केवल वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं से कुछ दिन पहले ही खेलों का अभ्यास करवाने के बजाय पूरे वर्ष स्कूलों में नियमित रूप से खेल गतिविधियां करवाई जाएं, ताकि बच्चों में खेलों के प्रति रुचि विकसित होने के साथ-साथ उनकी शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा में भी निरंतर सुधार होl उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ खेलें तथा जीत-हार की चिंता किए बिना अपनी प्रतिभा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा और खेलों पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रदेश के चयनित विद्यालयों को सीबीएसई पाठ्यक्रम से जोड़ा जा रहा है तथा राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा और खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।कृषि मंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, विद्यालय के लिए कुश्ती मैट की मांग पर उन्होंने स्कूल प्रशासन को एस्टीमेट प्रदान करने के निर्देश दिए।
इससे पहले विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य सुरिंदर कुमार एवं स्टाफ ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने खूब सराहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें