हटगढ़ स्कूल में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रों की चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
हटगढ़ स्कूल में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रों की चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
नेरचौक : अजय सूर्या /
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटगढ़ के प्रांगण में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की चार दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के चेयरमैन लाल सिंह कौशल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से स्वस्थ शरीर के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से रखी गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए समस्याओं का जल्द समाधान करवाने की बात कही। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 5100 रुपये देने की घोषणा भी की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के 18 शिक्षा खंडों से 813 खिलाड़ी छात्र विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में किशोरी वालिया, सिद्धू राम भारद्वाज, एडीपीओ संतोष कुमार, चिंत राम शास्त्री, प्रधान पवना देवी, उपप्रधान अनंत राम, बीडीसी सदस्य उर्मिला देवी, लोकेश निराला तथा हाटेश्वरी माता मंदिर कमेटी के प्रधान नंदलाल ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी , विद्यालय स्टाफ, एसएमसी पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
813 खिलाड़ी छात्र दिखाएंगे दमखम
चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षा खंडों से 813 खिलाड़ी छात्र हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बल्ह, जोगिंद्रनगर, सराज, सरकाघाट, पधर, पनारसा, गोहर, मांहूनाग, बलद्वाड़ा, धर्मपुर, बालीचौकी, सुंदरनगर और लडभड़ोल सहित अन्य शिक्षा खंडों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
ए.डी.पी.ई. मंडी संतोष कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए 16 विभिन्न खेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें बैडमिंटन, शतरंज, हॉकी, बॉक्सिंग, जूडो, कुश्ती, कुराश, कराटे, वुशू, फुटबॉल और बास्केटबॉल सहित अन्य खेल शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए उचित मंच प्रदान करती हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ-साथ अनुशासन और टीम भावना सीखने का अवसर भी मिलेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें