सराज में दो दिव्यांग नाबालिग भाइयों से मारपीट का मामला गरमाया, न्याय की मांग को सड़कों पर उतरे लोग
सराज में दो दिव्यांग नाबालिग भाइयों से मारपीट का मामला गरमाया, न्याय की मांग को सड़कों पर उतरे लोग
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, एफआईआर दर्ज करने सहित छह मांगें रखीं
मंडी : अजय सूर्या /
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र सराज में दो सगे नाबालिग दिव्यांग भाइयों के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को सराज से बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों और पीड़ित परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि करीब दो माह पूर्व 17 जुलाई को दोनों नाबालिगों को कथित तौर पर कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए। घटना का वीडियो बनाए जाने और सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने की बात भी कही गई है।
परिवार के अनुसार, घटना को लेकर 22 जुलाई को पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। कथित मारपीट में एक नाबालिग की आंख में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी दृष्टि प्रभावित हुई है। उसे उपचार के लिए नेरचौक से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका विशेषज्ञ उपचार चल रहा है।
आंदोलन के दौरान पुलिस के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें तत्काल एफआईआर दर्ज करना, नामजद आरोपियों समेत सभी संलिप्त लोगों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच, घटना से जुड़े वीडियो, मोबाइल डिवाइस, सोशल मीडिया सामग्री, स्क्रीनशॉट और सीसीटीवी फुटेज जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखना शामिल है।
इसके अलावा दोनों दिव्यांग नाबालिगों और उनके परिवार को सुरक्षा देने, मेडिकल रिकॉर्ड एवं पीजीआई चंडीगढ़ के उपचार संबंधी दस्तावेजों को जांच में शामिल करने तथा जातीय उत्पीड़न और दिव्यांगता के आधार पर भेदभाव के आरोपों की भी जांच करने की मांग की गई।
परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द कार्रवाई करने और एफआईआर सहित की गई कार्रवाई की स्थिति से उन्हें लिखित रूप में अवगत करवाने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें