अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर महाविद्यालय में विविध गतिविधियों का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर महाविद्यालय में विविध गतिविधियों का आयोजन
पालमपुर,
शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय, पालमपुर के करियर काउंसलिंग, गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आज अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में साक्षरता, रचनात्मकता एवं जागरूकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेल की संयोजिका डॉ. शैलजा वासुदेवा व सेल के अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन में किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पांच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रथम गतिविधि के अंतर्गत स्लोगन लेखन करवाई गई, जिसमें 12 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें श्रेया, रिया, चारु, ईशु, नैना आदि विद्यार्थी शामिल रहे।
द्वितीय गतिविधि के रूप में वर्ड चेन (Word Chain) आयोजित की गई, जिसमें 9 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अरिंदम, साक्षी, अवंतिका, रोहित आदि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीसरी गतिविधि निबंध लेखन थी, जिसमें 6 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मन्नत, वंशिका आदि विद्यार्थियों ने साक्षरता के महत्व एवं समाज के विकास में इसकी भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
चौथी गतिविधि के अंतर्गत Image to Story Writing का आयोजन किया गया, जिसमें 4 विद्यार्थियों ने भाग लिया। अरिंदम, सादगी, अमनदीप आदि ने चित्रों के आधार पर रचनात्मक कहानियां लिखकर अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की पांचवीं एवं विशेष गतिविधि के अंतर्गत निहंग टिक्का गांव में साक्षरता दिवस के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। इस गतिविधि में बीए तृतीय वर्ष के छात्रों ने विशेष भूमिका निभाई ।इस गतिविधि में आदित्य, अंशुल, साहिल कपूर, आशीष, अभिषेक, कशिश, अनिता, अंजलि, कोमल आदि विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्र में निहंग टीका में आने वाले सभी घरों में जाकर साक्षरता के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया तथा शिक्षा को सामाजिक एवं आर्थिक विकास का आधार बताया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पंकज सूद ने अपने संदेश में कहा कि “साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और संभावनाओं के प्रति जागरूक बनाती है। शिक्षित और जागरूक समाज ही सशक्त एवं विकसित राष्ट्र की नींव रखता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से साक्षरता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. अजय ठाकुर, प्रो. अनुपमा डोगरा, प्रो. धनवीर सिंह, प्रो. बविंदर, प्रो. मीनाक्षी ठाकुर, प्रो. दीप, प्रो. तरसेम, प्रो. मयंक तथा प्रो. तनवीर सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को रचनात्मक अभिव्यक्ति के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें