सांसद निधि की राष्ट्रीय स्तर की मॉनिटरिंग में कांगड़ा लोकसभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन: डॉ. राजीव भारद्वाज

 सांसद निधि की राष्ट्रीय स्तर की मॉनिटरिंग में कांगड़ा लोकसभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन: डॉ. राजीव भारद्वाज

दिशा बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश


धर्मशाला, । हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांगड़ा-चंबा लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने की। बैठक में कांगड़ा विधायक पवन काजल, नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का, जिला परिषद अध्यक्ष सीमा देवी, महापौर शमशेर नेहरिया, नगर निगम आयुक् त जफर इकबाल, एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा, एसपी देहरा संदीप धवल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।


बैठक में सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि दिशा बैठक का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करना है। उन्होंने योजनाओं की प्रगति, फंडिंग और क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।


सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित कार्यों, स्वीकृत होने के बावजूद शुरू न किए गए कार्यों तथा भूमि और फिजिबिलिटी से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित कार्यों की स्थिति स्पष्ट करने, नॉन-फिजिबल कार्यों की राशि वापस लेकर उसी क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों के लिए उपयोग करने तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने को कहा।


बैठक में हैंडपंप, सामुदायिक भवन, सड़क, सुरक्षा दीवार, इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को इन मामलों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने तथा कार्यों में देरी के स्पष्ट कारण बताने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांसद निधि की राष्ट्रीय स्तर की मॉनिटरिंग में कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।


सांसद ने बताया कि चक्की से परौर तक फोरलेन का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। बरसात और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रभावित कार्य को आगामी सात से आठ माह में पूरा कर मार्ग को शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि स्कूलों और आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षित कनेक्टिविटी, फुटओवर ब्रिज तथा आवश्यक स्थानों पर अंडरपास की संभावनाओं को लेकर भी अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


डॉ. राजीव भारद्वाज ने बैठक में टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, सर्पदंश और डॉग बाइट की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध करवाने तथा निक्षय मित्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य अभियानों में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, एनजीओ और एनसीसी कैडेट्स की भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।


उन्होंने सर्पदंश के मामलों में सावधानी बरतने और समय पर उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। साथ ही डॉग बाइट की समस्या के समाधान के लिए नसबंदी, एंटी रेबीज टीकाकरण, आवारा कुत्तों की उचित व्यवस्था तथा निर्धारित डॉग फीडिंग प्वाइंट बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।


बैठक में टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आधारभूत ढांचे, चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ, सुपर स्पेशलिटी सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।


आरडीएसएस के तहत चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने बताया कि जिले में अधिकांश स्थानों पर सिविल कार्य अंतिम चरण में हैं। अब तक 111 नए वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जा चुके हैं तथा करीब 44,300 स्मार्ट मीटर बदले गए हैं। उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और स्मार्ट मीटरिंग की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।


पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने शाहपुर, रहेलू और नागाबाड़ी में संभावित ब्लैक स्पॉट की तकनीकी जांच करवाने तथा अंडरपास और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। 32 मील और नागाबाड़ी सहित प्रमुख जंक्शनों पर हाई मास्ट अथवा सोलर लाइट लगाने तथा आवश्यक स्थानों पर यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया। बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़कों के स्थायी समाधान के लिए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।


डॉ. राजीव भारद्वाज ने बताया कि धर्मशाला सर्कल में प्रस्तावित 129 में से 81 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि नूरपुर सर्कल में 68 में से 61 और देहरा सर्कल में 25 में से 17 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। नूरपुर और जसूर की सीवरेज परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद ने नूरपुर के बरंडा में सीवरेज कार्य दिसंबर तक पूरा करने तथा जसूर एसटीपी का कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।


सांसद ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों की कार्रवाई रिपोर्ट तैयार की जाए। करीब 15 दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रत्येक विभाग से प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी।


दिशा बैठक में धर्मशाला स्मार्ट सिटी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बागवानी तथा पशुपालन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।


इसके अलावा उद्योग विभाग की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की समीक्षा की गई। योजना के तहत ऋण एवं सब्सिडी जारी करने में हो रही देरी की शिकायतों पर भी चर्चा हुई। सांसद ने विभाग को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा बैंक स्तर पर प्रायोजन में आ रही समस्याओं को दूर करने के निर्देश दिए।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ज्वाली: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला वेटरनरी फार्मासिस्ट का शव, इलाके में शोक की लहर

जसूर सब्जी मंडी से 19 वर्षीय युवक के अपहरण का आरोप, हथियार के बल पर ले जाकर बेरहमी से पीटा

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ में आयोजित तीन दिवसीय जोनल स्तरीय अंडर-19 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को शांतिपूर्वक समापन हो गया

अंधविश्वास के चलते भाई-बहन ने छोटी बहन को उतार दिया मौत के घाट

मेले, उत्सव व त्यौहार हमारी प्राचीन संस्कृति की पहचान - डॉ. शांडिल

ज्वाली के घाड़ जरोट पौंग बांध क्षेत्र में भू-माफिया का आतंक: अदालत के आदेशों को ठेंगा दिखाकर हो रही है अवैध खेती

शिव मंदिर में भंडारे का आयोजन,रात्रि में होगा शिव नुआला।

₹155 के रिचार्ज की कोशिश में बुजुर्ग ने गंवाए 1.02 लाख, जालसाजों ने इस तरह ठगी को दिया अंजाम

ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ मैं आज एस एम सी कमेटी का चुनाव प्रधानाचार्य अनामिका चौधरी की अध्यक्षता मैं सम्पन्न हुआ

जिला लाहौल स्पीति के शकोली स्कूल में अध्यापकों और स्कूली बच्चों का बिना वर्दी स्कूल में प्रवेश पर रोक