नेरचौक मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिटी हब बनाने की पैरवी, नड्डा से मिले विधायक इंद्र सिंह गांधी
नेरचौक मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिटी हब बनाने की पैरवी, नड्डा से मिले विधायक इंद्र सिंह गांधी
सवेरा न्यूज/अजय सूर्या नेरचौक। बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात कर बल्ह सहित हिमाचल की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने नेरचौक मेडिकल कॉलेज को सुपर स्पेशलिटी हब के रूप में विकसित करने तथा यहां सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक और पैरामेडिकल संस्थान स्थापित करने की मांग रखी।
विधायक ने बताया कि पैरामेडिकल संस्थान के लिए करीब 12 करोड़ रुपये की केंद्रीय राशि लंबित है और मेडिकल कॉलेज के साथ लगभग 10 बीघा भूमि उपलब्ध है। उन्होंने जल्द निर्माण शुरू करने की मांग की।
गांधी ने मेडिकल यूनिवर्सिटी के निर्माण में देरी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मुड़ापार में करीब 200 बीघा और कंसा चौक में 78 बीघा भूमि उपलब्ध है। ऐसे में सरकार को इच्छाशक्ति दिखाकर परियोजना को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दवाइयों, मशीनों और विशेषज्ञ सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया। विधायक ने कहा कि नेरचौक को आधुनिक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने से मंडी सहित प्रदेश के कई जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलते बल्ह विधायक इंद्र सिंह गांधी

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें