सिध्यानी पीएचसी भवन के लिए 1.14 करोड़ मंजूर, मार्च पास्ट में सिध्यानी स्कूल प्रथम
सिध्यानी पीएचसी भवन के लिए 1.14 करोड़ मंजूर, मार्च पास्ट में सिध्यानी स्कूल प्रथम
सवेरा न्यूज/अजय सूर्या रिवालसर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिध्यानी के भवन निर्माण के शेष कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार ने 1 करोड़ 14 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। यह जानकारी जिला एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने सिध्यानी उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित अंडर-14 रिवालसर जोन की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर दी।
उन्होंने बताया कि पूर्व भाजपा सरकार द्वारा पीएचसी भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन राशि जारी न होने के कारण ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक दिया था। अब शेष कार्य के लिए धनराशि जारी होने से भवन निर्माण को गति मिलने की उम्मीद है।
गुलेरिया ने सिध्यानी स्कूल मैदान में वर्ष 2023 की आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए डंगे के पुनर्निर्माण के लिए संबंधित विभाग को प्राकलन तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्राकलन के अनुसार आवश्यक धनराशि स्वीकृत करवाने का प्रयास किया जाएगा।
खेल प्रतियोगिता में उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कड़ी मेहनत और अनुशासन के दम पर खेलों में बेहतर मुकाम हासिल कर वे अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर आयोजित मार्च पास्ट में सिध्यानी स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि रिवालसर स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता में रिवालसर जोन के 18 स्कूलों के 214 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय ठाकुर, ग्राम पंचायत डहणू के प्रधान देवेंद्र ठाकुर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नरेश राव, रिवालसर जोन कांग्रेस अध्यक्ष किशोरी ठाकुर, बल्ह कांग्रेस प्रवक्ता चमन शर्मा, सिध्यानी पंचायत प्रधान जितेंद्र, उपप्रधान घनश्याम, एसएमसी प्रधान विद्या सागर और स्कूल प्रधानाचार्य राजेश ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान सामूहिक चित्र में एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया एवं बच्चे

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें