बल्ह कांग्रेस को बड़ा झटका, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हंसराज राणा ने दिया इस्तीफा
बल्ह कांग्रेस को बड़ा झटका, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष हंसराज राणा ने दिया इस्तीफा
बड़े नेताओं पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप, बोले—चार साल से युवाओं को किया जा रहा दरकिनार
सवेरा न्यूज/अजय सूर्या नेरचौक, 11 सितंबर। बल्ह विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। युवा कांग्रेस बल्ह के उपाध्यक्ष हंसराज राणा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राणा ने पार्टी के बड़े नेताओं पर जमीनी कार्यकर्ताओं और युवाओं की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
हंसराज राणा ने कहा कि वह युवा कांग्रेस के निर्वाचित सदस्य रहे हैं और पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा और मेहनत से निभाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और महत्व नहीं दिया गया।
राणा ने आरोप लगाया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बड़े कांग्रेस नेता जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर नहीं चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब चार वर्षों से कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं को लगातार दरकिनार किया जा रहा है और उनकी समस्याओं को सुनने तथा उनसे संवाद करने की गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
उन्होंने कहा कि बल्ह में कांग्रेस पिछले करीब दस वर्षों से लगातार चुनावी हार का सामना कर रही है। यदि पार्टी नेतृत्व और स्थानीय नेताओं का रवैया नहीं बदला तथा कार्यकर्ताओं और युवाओं को विश्वास में लेकर संगठन को मजबूत नहीं किया गया, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
हंसराज राणा ने पार्टी नेतृत्व से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं को जिम्मेदारियां देने और कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए कार्यकर्ताओं की आवाज सुनना और उन्हें सम्मान देना बेहद जरूरी है।
फोटो कैप्शन : इस्तीफा देने के दौरान सामूहिक चित्र में हंसराज राणा

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें