पैड़ी में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 303 नन्हे खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
पैड़ी में अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज, 303 नन्हे खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
अजय सूर्या नेरचौक । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पैड़ी में अंडर-14 छात्रों की बल्ह खंड स्तरीय तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों से पहुंचे नन्हे खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में बल्ह खंड के 26 स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं, जिसमें कुल 303 उभरते हुए छात्र खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे।
मार्च पास्ट के दौरान खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल के प्रति उत्साह ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि प्रकाश चौधरी ने कहा कि खेल केवल हार-जीत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों में टीम भावना, अनुशासन और जीवन में कभी हार न मानने का जज्बा पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस मैदान से निकले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक वर्ग, शारीरिक शिक्षकों (PET/DPE) तथा आयोजन से जुड़े सभी प्रबंधकों को बधाई दी। साथ ही सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें