हार्ट केयर कैंप के अंतिम दिन उमड़ी लोगों की भीड़, विशेषज्ञ ने दिए हृदय रोग से बचाव के सुझाव
हार्ट केयर कैंप के अंतिम दिन उमड़ी लोगों की भीड़, विशेषज्ञ ने दिए हृदय रोग से बचाव के सुझाव
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
चंबा मिलेनियम पीपल्स सोसाइटी की ओर से पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा में आयोजित तीन दिवसीय हार्ट केयर कैंप के अंतिम दिन भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। हृदय संबंधी जांच और चिकित्सकीय परामर्श के लिए सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं।
कैंप में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शिमला से पहुंचे प्रोफेसर एवं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव मारवाह ने मरीजों की जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, खान-पान की गलत आदतों और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोगों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ संतुलित आहार और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
चंबा मिलेनियम पीपल्स सोसाइटी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भुवनेश पुरी ने बताया कि संस्था हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हार्ट केयर कैंप का आयोजन कर रही है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने खान-पान पर विशेष ध्यान दें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें।
उन्होंने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय रहते बीमारी की पहचान करवाने और उचित चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करने में मददगार साबित होते हैं।
इस अवसर पर डॉ. इसरार अली शाह, जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट नरेश राणा सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें