रिवालसर कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा–2026 का भव्य शुभारंभ
रिवालसर कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा–2026 का भव्य शुभारंभ
नारा लेखन से लेकर कविता और पोस्टर निर्माण तक विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
रिवालसर : अजय सूर्या /
राजकीय डिग्री महाविद्यालय रिवालसर में हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा–2026 का शनिवार को उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न साहित्यिक एवं सृजनात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
हिंदी पखवाड़ा के प्रथम दिन नारा लेखन, हिंदी सुलेख, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, कविता लेखन और पत्र लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी भाषा दक्षता, सृजनात्मक सोच और साहित्यिक अभिरुचि का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक एवं हिंदी भाषा प्रचार समिति के सलाहकार डॉ. कुलदीप कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी अब केवल संवाद और साहित्य की भाषा तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार और करियर के क्षेत्र में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति निरंतर रुचि बनाए रखने का आह्वान किया।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ब्रजनंदन ने हिंदी पखवाड़ा के शुभारंभ पर हिंदी विभाग, हिंदी भाषा प्रचार समिति और सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी सृजनात्मक ऊर्जा को भी नई दिशा देते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. मेहर चंद, प्रो. महेंद्र सिंह, प्रो. यश पाल, प्रो. सूरज मणि, प्रो. रमणीक शर्मा, महाविद्यालय के गैर-शिक्षक वर्ग, हिंदी भाषा प्रचार समिति की नवगठित कार्यकारिणी तथा विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिंदी विभाग के अनुसार, हिंदी पखवाड़ा के तहत 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर भाषण, काव्य-पाठ, दोहा-गायन, लोकगीत सहित विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए और व्यापक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें