असामाजिक तत्वों ने अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में डाला खलल, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल
असामाजिक तत्वों ने अंडर-19 खेल प्रतियोगिता में डाला खलल, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठे सवाल
जसूर : राकेश शर्मा /
व्यापारिक कस्बा जसूर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित अंडर-19 छात्र वर्ग की खेल प्रतियोगिता के दौरान रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब कुछ बाहरी युवकों ने खेल गतिविधियों में खलल डालने का प्रयास किया। इस दौरान खेल मैदान में हाथापाई भी हुई, जिसके चलते कुछ समय के लिए खेल प्रक्रिया बाधित रही। मामले
की सूचना मिलने पर नूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू की।
हैरानी की बात यह रही कि तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में करीब 50 स्कूलों के लगभग 500 छात्र विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं, लेकिन आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य जांच की सुविधा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार के बीच स्थित स्कूल परिसर में इतनी बड़ी खेल प्रतियोगिता आयोजित होने के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था होनी चाहिए थी। साथ ही, किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में मौके पर तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होना भी जरूरी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार खेल प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में स्कूली खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं, ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए संबंधित विभागों की मौजूदगी जरूरी है।
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन से जानकारी लेने पर बताया गया कि सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को लिखित रूप से अवगत करवाया गया था, लेकिन उनकी ओर से अपेक्षा के अनुरूप सहयोग नहीं मिल पाया।
क्या कहती हैं प्रधानाचार्य
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जसूर की प्रधानाचार्य करुणा जंबाल ने कहा कि पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को स्कूल प्रबंधन की ओर से लिखित मांग की गई थी, लेकिन अफसोस की बात है कि अपेक्षा के अनुरूप सहयोग नहीं मिल पाया। उन्होंने बताया कि रविवार को कुछ बाहरी युवकों द्वारा खेल प्रतियोगिता में खलल डालने का प्रयास किया गया, जिसके चलते पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस
मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें