नूरपुर ब्लॉक अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
नूरपुर ब्लॉक अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जासूर : राकेश शर्मा /
नूरपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जस्सूर में 12 से 14 सितंबर तक आयोजित नूरपुर ब्लॉक स्तरीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ।
तीन दिनों तक चले खेलों के इस महाकुंभ में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो, शतरंज और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान मैदान में खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए जोरदार मुकाबले देखने को मिले। हर अंक के साथ बढ़ता रोमांच और खिलाड़ियों का उत्साह प्रतियोगिता का आकर्षण बना रहा। विभिन्न खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली टीमों ने खिताब अपने नाम कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—
बैडमिंटन: विजेता — BTC नूरपुर, उपविजेता — GSSS जाच्छ।
कबड्डी: विजेता — GSSS सदवां, उपविजेता — खेरियां।
खो-खो: विजेता — GSSS लडोड़ी, उपविजेता — राजकीय उच्च विद्यालय चौंकी।
शतरंज: विजेता — NPS जसूर, उपविजेता — GSSS बरंडा।
वॉलीबॉल: विजेता — GSSS लडोड़ी, उपविजेता — GSSS जस्सूर।
समापन समारोह में तहसीलदार राधिका सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्य करुणा जम्बाल सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इस अवसर पर रवि, लवली, तरुण तथा पब्लिक स्कूल ठोड़ा के प्रधानाचार्य मनोज सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए GSSS जस्सूर के प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षा विभाग और समस्त स्टाफ के प्रयासों की सराहना की गई। समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता ने जहां खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, वहीं तीन दिनों तक जस्सूर में खेलों का उत्साहपूर्ण माहौल भी बनाए रखा।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें