रिवालसर में 19 सितंबर से जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता
रिवालसर में 19 सितंबर से जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता
रिवालसर : अजय सूर्या /
रिवालसर में 19 सितंबर से तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। पीएम श्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिवालसर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की प्रतिभावान छात्राएं हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले करवाए जाएंगे, जिनमें छात्राएं पूरे जोश और उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 19 सितंबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। समारोह में हिमाचल प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रकाश चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं, तीन दिनों तक चलने वाले खेल मुकाबलों के बाद 21 सितंबर को दोपहर 12:15 बजे समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में एपीएमसी जिला मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे तथा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।
विद्यालय की एसएमसी समिति के अनुसार प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को लेकर विद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों का माहौल बनने लगा है। जिला भर से पहुंचने वाली छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं और खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास की सीख भी देती हैं। रिवालसर में होने वाली यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता छात्राओं के लिए अपनी मेहनत और हुनर को जिला स्तर पर साबित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें