चंबा और हमीरपुर वेटेरन टीमों के बीच खेला गया गुडविल क्रिकेट मैच
चंबा और हमीरपुर वेटेरन टीमों के बीच खेला गया गुडविल क्रिकेट मैच
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
रविवार को चंबा के ऐतिहासिक चौगान में मेजबान चंबा वेटेरन टीम और मेहमान हमीरपुर वेटेरन टीम के बीच गुडविल क्रिकेट मैच खेला गया। मैच को लेकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय पर दोनों टीमों के खिलाड़ी चौगान में पहुंचे और पूरे जोश के साथ मुकाबले में हिस्सा लिया।
टॉस जीतकर चंबा वेटेरन टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए मुकाबले का आनंद लिया। गुडविल मैच का मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे, खेल भावना और खेलों को बढ़ावा देना रहा।
हमीरपुर वेटेरन क्रिकेट टीम के कप्तान संजीव ठाकुर ने कहा कि खेलों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। हर उम्र के व्यक्ति, चाहे वह युवा हो या प्रौढ़, उसे क्रिकेट सहित अन्य खेलों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने गुडविल मैच के आयोजन के लिए आयोजक मंडल और चंबा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ लड़ाई में खेलों को एक प्रभावी माध्यम बनाया जा सकता है। युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सकता है।
वहीं, चंबा वेटेरन टीम की ओर से क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए जाने-माने क्रिकेट खिलाड़ी एवं पूर्व टीम मैनेजर मेजर श्रीचंद नैयर ने कहा कि चंबा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाने की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए इच्छाशक्ति के साथ निरंतर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि मेजर श्रीचंद नैयर के प्रयासों से वर्ष 2007 में मंडी जिला में पहली बार वेटेरन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसके बाद लाहौल, कल्पा जैसे दुर्गम क्षेत्रों के अलावा नाहन और शिमला में भी प्रतिवर्ष वेटेरन क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वेटेरन खिलाड़ियों को खेल से जोड़े रखने और क्रिकेट को बढ़ावा देने की यह पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें