ज्वाली में घर की खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर चोरी, 21 लाख के गहने-नकदी पर हाथ साफ
ज्वाली में घर की खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर चोरी, 21 लाख के गहने-नकदी पर हाथ साफ
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत पनालथ पंचायत के हरसर बाजार के समीप शनिवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली।
चोर घर के दो कमरों की खिड़कियों की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके पर कटर भी छोड़ गए। चोरी की पूरी वारदात साथ लगते घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शकुंतला देवी पत्नी स्वर्गीय कर्म चंद के बेटे अमित कुमार ने बताया कि शनिवार रात वह और उसकी पत्नी अपने कमरे में सो गए थे, जबकि उसकी माता साथ लगते दूसरे कमरे में सो रही थीं। घर के दो अन्य कमरों को बंद किया गया था। सुबह उठने के बाद जब बंद कमरों को खोला गया तो वहां सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर दोनों कमरों की खिड़कियों की ग्रिल टूटी हुई मिली और चोरी होने का पता चला।
अमित कुमार ने बताया कि उसकी माता ने अपने गहने एक पेटी में रखे थे, जबकि उसके और उसकी पत्नी के आभूषण अलमारी में रखे हुए थे। चोर पेटी और अलमारी में रखे गहने चोरी कर ले गए। इसके अलावा कमरे में रखी करीब छह लाख रुपये की नकदी भी चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि यह नकदी घर में करवाए जा रहे निर्माण कार्य के लिए रखी गई थी।
परिवार के अनुसार उसके, उसकी पत्नी और माता के करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा करीब छह लाख रुपये नकदी चोरी हुई है। इस तरह कुल चोरी की कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना पंचायत प्रधान संदला देवी को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं, साथ लगते घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज में संदिग्ध आपस में पंजाबी भाषा में बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं को बारीकी से खंगाला जा रहा है।
एएसपी धर्म चंद वर्मा के बोल
इस संबंध में एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया है और आगामी जांच जारी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जाएगा तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें