एच पी यू अंतर-महाविद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप में शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर का शानदार प्रदर्शन
एच पी यू अंतर-महाविद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप में शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर का शानदार प्रदर्शन
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन राजकीय कन्या महाविद्यालय (RKMV), शिमला में 9 सितंबर से 11 सितंबर, 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण और रजत पदक सहित उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कीं।
10 मीटर राइफल पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में महाविद्यालय के सूर्यांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 10 मीटर राइफल पुरुष टीम स्पर्धा में आयुष, सूर्यांश और दीपांशु की टीम ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
10 मीटर राइफल महिला टीम स्पर्धा में कशिश कटोच, पारस और सुनिधि ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार 10 मीटर पिस्टल पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में कृष राणा ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। 10 मीटर पिस्टल महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में आराधना शर्मा ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और गोल्ड मेडल हासिल किया।
10 मीटर पिस्टल पुरुष टीम स्पर्धा में कृष राणा, अमन और अमित की टीम ने रजत पदक हासिल कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने 10 मीटर पुरुष राइफल एवं पिस्टल शूटिंग स्पर्धाओं में ओवरऑल प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं महिला राइफल एवं पिस्टल 10 मीटर शूटिंग स्पर्धाओं में ओवरऑल तृतीय पुरस्कार हासिल किया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पंकज सूद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन की प्रशंसा करते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय की स्पोर्ट्स सोसाइटी की संयोजक लेफ्टिनेंट रेनू डोगरा तथा सोसाइटी के अन्य सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की गई। स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. खुशी राम भगत, टीम इंचार्ज डॉ. दिवाकर और प्रो. आरती डोहरु के मार्गदर्शन एवं सहयोग ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें