परगोड में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव
परगोड में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव
विधायक केवल सिंह पठानिया ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,
वन विभाग ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
शाहपुर : जनक पटियाल
परगोड। वन परिक्षेत्र उपमंडल लपियाणा की वन बीट परगोड में 77वां वन महोत्सव एवं पौधरोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा पौधरोपण कर वन संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया ने पौधा रोपित करते हुए कहा कि वन केवल पर्यावरण का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लगातार बदलते पर्यावरणीय परिस्थितियों के बीच वनों का संरक्षण और संवर्धन प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि पौधों को पेड़ बनने तक उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने भी पौधरोपण अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रवासियों को पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा की सुरक्षा और अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संदेश दिया गया।
वन विभाग की ओर से भी स्थानीय लोगों को वनों की सुरक्षा में सहयोग देने तथा प्राकृतिक संपदा को सुरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया।
“एक पौधा आज, हरियाली का भविष्य कल”
परगोड में आयोजित वन महोत्सव ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ हरित हिमाचल के संकल्प को भी मजबूत किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें