मणिमहेश में राधाष्टमी का शाही स्नान शुरू, बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
मणिमहेश में राधाष्टमी का शाही स्नान शुरू, बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
चम्बा,
विश्वविख्यात मणिमहेश यात्रा में राधाष्टमी के अवसर पर शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 2 मिनट से पवित्र डल झील में शाही स्नान शुरू हो गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार भरमौर के संचुई से आए त्रिलोचन महादेव के वंशज एवं शिव चेले ने डल झील को तोड़कर शाही स्नान की शुरुआत करवाई। इसके बाद देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र डल झील में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान शिव और कैलाश पर्वत के दर्शन किए।
शाही स्नान का शुभ मुहूर्त शुक्रवार दोपहर 1:02 बजे से शनिवार दोपहर 2:28 बजे तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु करीब 26 घंटे 26 मिनट तक डल झील में स्नान कर सकेंगे। मुहूर्त समाप्त होते ही इस वर्ष की मणिमहेश यात्रा भी संपन्न हो जाएगी।
मणिमहेश क्षेत्र में गुरुवार को करीब तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई, जिससे रात के समय तापमान माइनस में पहुंच गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कमी नहीं आई। मौसम साफ रहने से शुक्रवार को श्रद्धालुओं को कुछ राहत मिली।
25 अगस्त से शुरू हुई यात्रा के दौरान अब तक करीब एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु डल झील में स्नान कर चुके हैं। शाही स्नान के लिए शुक्रवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे । पिछले वर्ष भारी बारिश और बादल फटने की घटना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के फंसने के बावजूद इस बार राधाष्टमी के शाही स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें