इंदौरा में अंडर-19 जिला स्तरीय मेजर गेम्स प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
इंदौरा में अंडर-19 जिला स्तरीय मेजर गेम्स प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
( नूरपुर:-विनय महाजन)
नूरपुर राजकीय माॅडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में अंडर-19 छात्र वर्ग की जिला स्तरीय मेजर गेम्स प्रतियोगिताओं का आज शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि विधायक मलेंद्र राजन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। राज्य सरकार के अनुसार ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि 5 करोड़ रुपये, रजत पदक के लिए 3 करोड़ रुपये और कांस्य पदक के लिए 2 करोड़ रुपये की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रोत्साहन से युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती है।विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि इंदौरा क्षेत्र के लिए यह गौरव की बात है कि माननीयक मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खु के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा को हाल ही में सीबीएसई का दर्जा मिला है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से जुड़ने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। विधायक मलेंद्र राजन ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। नशे से हमेशा दूर रहें। इस अवसर पर विधायक ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर अपनी विधायक निधि से 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।प्रतियोगिता में 45 विद्यालयों से पहुंचे 690 खिलाड़ियों को विभिन्न खेल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, शिक्षकों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें