जयसिंहपुर में गरजे जयराम ठाकुर, बोले- प्रतिशोध की राजनीति का समय लंबा नहीं

 जयसिंहपुर में गरजे जयराम ठाकुर, बोले- प्रतिशोध की राजनीति का समय लंबा नहीं


जयसिंहपुर चौगान में भाजपा का जनसंवाद कार्यक्रम, नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का किया सम्मान



भाजपा की ओर से सोमवार को जयसिंहपुर के ऐतिहासिक चौगान में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया तथा प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठाए।


जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पिछले चार वर्षों से राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जनहित में लिए गए कई फैसलों को कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद बदल दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध का दौर ज्यादा लंबा नहीं चलता और आने वाले समय में परिस्थितियां बदलेंगी।


उन्होंने कांग्रेस सरकार पर परिवार और मित्रमंडली के आधार पर निर्णय लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के महत्वपूर्ण फैसले मंत्रिमंडल के बजाय मित्रमंडली के माध्यम से लिए जा रहे हैं।


पंचायत चुनावों को लेकर सरकार पर लगाए आरोप


जयराम ठाकुर ने हाल ही में हुए पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने चुनावों को टालने के लिए विभिन्न प्रयास किए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पंचायत चुनाव करवाने के लिए अपनी भूमिका निभाई।


उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में मौजूद नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का उदाहरण हैं।


हिमकेयर, शगुन और सहारा योजनाओं का किया जिक्र


पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई हिमकेयर, शगुन और सहारा जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से प्रदेश के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं करवा पा रही है।


उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन की आयु सीमा 70 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष किए जाने के फैसले का भी उल्लेख किया और इसे भाजपा सरकार की पहल बताया।


जिला परिषद और नगर निगम चुनावों को लेकर दावा


जयराम ठाकुर ने हाल में हुए पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों के प्रदर्शन का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में से 11 जिला परिषद अध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष हैं। साथ ही उन्होंने चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा के काबिज होने का दावा भी किया।


अधिकारियों-कर्मचारियों को दी चेतावनी


कार्यक्रम के दौरान जयराम ठाकुर ने कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सत्ता के प्रभाव में राजनीतिक प्रतिशोध लेने का समय लंबा नहीं होता और आने वाले समय में परिस्थितियां बदल सकती हैं।


रविंद्र धीमान बोले- कार्यक्रम टकराने से कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटेगा


जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने भी प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान एवं जनसंवाद कार्यक्रम की जानकारी होने के बावजूद दूसरी ओर ब्लॉक स्तर का कार्यक्रम रखा गया।


धीमान ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने जयसिंहपुर कांग्रेस की ओर से की जा रही बयानबाजी पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीतिक स्तर पर इसका जवाब दिया जाएगा।


सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का दावा


कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का दावा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर जयराम ठाकुर ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों एवं उपप्रधानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।


इस अवसर पर धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा, सुलह के विधायक विपिन परमार, ज्वाली के पू र्व विधायक  अर्जुन सिंह,पूर्व विधायक बैजनाथ मुल्ख राज प्रेमी, जिला भाजपा अध्यक्ष रागिनी रकवाल, कर्नल डीसी राणा, घनश्याम शर्मा, विनय शर्मा सहित भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हरसर व पनालथ पंचायत में चोरियों से सहमे ग्रामीण, कृषि मंत्री व SDM से लगाई सुरक्षा की गुहार

चम्बा में दो युवतियों के साथ दुराचार का मामला आया सामने,बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

भरमाड़ स्कूल ने वॉलीबाल में जीती ट्रॉफी, बैडमिंटन में रहा उपविजेता

33वीं हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में तृप्ता पब्लिक स्कूल चलवाड़ा का शानदार प्रदर्शन

गणेश उत्सव कमेटी कठयाहल छातडू का उत्सव शुरू

श्री मणिमहेश में ठंड की चपेट में आने से एक श्रद्धालु की हुई मौत

ओम प्रकाश चौधरी के जन्मदिन पर उमड़ा चाहने वालों का हुजूम

भाई ने पत्नी के साथ मिलकर भाई की बेरहमी से की हत्या, शव फैंका झील में

वैज्ञानिक प्रतिभा के दम पर कॉमेट मेन्सा ने हासिल की दोहरी सफलता, इनोवेटिव मॉडल में प्रथम और क्विज में तृतीय स्थान

ज्वाली के भलूँ में बड़ी चोरी, घर का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी ले उड़े चोर