भरमाड़ में भैंस चोरी का मामला, ग्रामीणों की सतर्कता से मिली वापस
भरमाड़ में भैंस चोरी का मामला, ग्रामीणों की सतर्कता से मिली वापस
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भरमाड़ के वार्ड नंबर 9 में बीती रात भैंस चोरी का मामला सामने आया। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से कुछ ही घंटों में भैंस बरामद हो गई और उसे उसके मालिक को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 9 निवासी गुलज़ारी लाल ने बताया कि उन्होंने अपनी भैंस घर के पास खाली जगह पर बांध रखी थी। रात करीब डेढ़ बजे के आसपास भैंस के आवाज करने की आवाज सुनाई दी, लेकिन परिवार ने इसे सामान्य बात समझकर ध्यान नहीं दिया। जब सुबह उठकर देखा तो भैंस वहां से गायब थी, जबकि पास में बंधी बकरियां और मेमना वहीं मौजूद थे।
गुलज़ारी लाल ने बताया कि उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन भैंस का कहीं पता नहीं चला। खेतों के चारों ओर कांटेदार तारें लगी हुई हैं, लेकिन एक स्थान पर लोहे की तारें नहीं लगी थीं। संभावना जताई जा रही है कि उसी रास्ते से भैंस को ले जाया गया। इस दौरान गेहूं की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। भैंस की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह करीब 11 बजे गुलज़ारी लाल ने इस संबंध में पत्रकार राजेश कतनौरिया को जानकारी दी, जिसके बाद भैंस चोरी की सूचना सोशल मीडिया पर साझा की गई। इसके कुछ समय बाद पत्रकार रशपाल सिंह सोनू का फोन आया कि गुम हुई भैंस गांव ढसोली में अजय कुमार और उसके साथियों ने बड़ी मुश्किल से पकड़कर बांध रखी है, जिसकी पहचान बताकर मालिक उसे ले सकता है।
इसके बाद गुलज़ारी लाल अपनी पत्नी के साथ दोपहर करीब तीन बजे ढसोली गांव पहुंचे, जहां अजय कुमार और उनके साथियों ने पंचायत के पूर्व प्रधान राकेश कुमार की मौजूदगी में भैंस को उसके असली मालिक गुलज़ारी लाल को सौंप दिया।
बताया गया कि भैंस चोरी को लेकर शक के आधार पर एक युवक के खिलाफ पुलिस थाना ज्वाली में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन भैंस मिलने के बाद शिकायत वापस ले ली गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें