रठोहा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रताड़ना के आरोप में पति समेत तीन लोग पुलिस रिमांड पर
रठोहा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रताड़ना के आरोप में पति समेत तीन लोग पुलिस रिमांड पर
नेरचौक : अजय सूर्या /
बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत चंडयाल के रठोहा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायका पक्ष ने पति, सास और ननद पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:45 बजे सूचना मिली कि रठोहा गांव में एक महिला ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही गागल पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 34 वर्षीय कुसमा पत्नी अमित कुमार निवासी रठोहा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि महिला को सबसे पहले उसकी सास ने फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी दिनेश कुमार तथा थाना प्रभारी बल्ह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी बहन को पति अमित कुमार, सास विद्या देवी और ननद निशा देवी लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन ने यह कदम उठाया।
पोस्टमार्टम के बाद जब शव अंतिम संस्कार के लिए ससुराल पहुंचा तो मायका पक्ष के लोगों ने आरोपितों को सामने लाने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति, सास और ननद को हिरासत में लिया था, जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने तीनों आरोपितों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें