चंबा: चुराह में चुनावी रंजिश की आग में जले 2 मकान, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि समेत 11 पर केस दर्ज
चंबा: चुराह में चुनावी रंजिश की आग में जले 2 मकान, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि समेत 11 पर केस दर्ज
(चंबा: जितेन्द्र खन्ना) जिला के चुराह क्षेत्र की आयल पंचायत में चुनाव के तुरंत बाद बदले की खौफनाक रंजिश सामने आई है। यहाँ कुछ उपद्रवियों ने चुनावी रंजिश के चलते दो मकानों को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि जब तक मकान मालिक मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक दोनों मकान पूरी तरह जलकर राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता बखतू खान पुत्र मूसा, निवासी गांव सरोगा (डाकघर आयल) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 जून की रात वह अपने परिवार के साथ लाहरूड़ी स्थित नए घर में थे। तभी कुछ लोग नारेबाजी करते हुए वहां पहुंचे और उनके घर पर पथराव शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए परिवार बाहर निकला, तो आरोपियों ने उनके लकड़ी के पुराने मकान को आग लगा दी।
घटना के तुरंत बाद खजराला निवासी मंजूर अहमद ने मौके पर पहुंचकर जानकारी दी कि इन्हीं लोगों ने खजराला निवासी जान मुहम्मद का घर भी इसी तरह आग के हवाले कर दिया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे जब तक आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक दोनों मकान जलकर खाक हो चुके थे।
चुनावी रंजिश बनी वजह
पीड़ित बखतू खान ने आरोप लगाया है कि पंचायत के पूर्व प्रतिनिधि और शेर सिंह उसे लंबे समय से चुनावी रंजिश के चलते धमकियां दे रहे थे। हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में अपने पक्ष में वोट न देने का बदला लेने के लिए ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बखतू खान की शिकायत पर बी.एन.एस. की धारा 191(2), 190, 326(जी) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आयल पंचायत में दो मकानों को आग लगाने की शिकायत मिली है। पुलिस ने बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, होम देई, शेर सिंह, बृज लाल, केहर सिंह, गगन, तेज सिंह, रमेश, डोगरी, केवल तथा कुलदीप के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें