विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत समिति पर अर्जुन के समर्थकों का कब्जा ! ज्वाली : राजेश कतनौरिया
विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत समिति पर अर्जुन के समर्थकों का कब्जा !
ज्वाली : राजेश कतनौरिया /
राजेंद्र बने अध्यक्ष, मदनलाल चुने गए उपाध्यक्ष
जवाली, 25 जून। विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत समिति में पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर के समर्थकों ने एक बार फिर अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया है। मिनी सचिवालय जवाली में एसडीएम नरेंद्र जरियाल की अध्यक्षता में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान अर्जुन गुट समर्थित सदस्य राजेंद्र सनौरिया को सर्वसम्मति से पंचायत समिति का अध्यक्ष तथा मदनलाल को उपाध्यक्ष चुना गया।
जानकारी के अनुसार पंचायत समिति की कुल 26 सीटों में से भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने 14 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। चुनाव प्रक्रिया के दौरान 14 सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए समर्थन दिया। बहुमत के बल पर दोनों पद अर्जुन ठाकुर के समर्थित उम्मीदवारों के खाते में गए।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व भाजपा विधायक अर्जुन ठाकुर ने कहा इसमें हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति चुनावों के परिणाम यह दर्शाते हैं कि क्षेत्र की जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।
अर्जुन ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई है। उन्होंने दावा किया कि ज्वाली की जनता ने इन चुनाव परिणामों के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में पंचायत स्तर पर भाजपा को मिल रही सफलता का असर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिलेगा। ठाकुर ने कहा कि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा समर्थित सभी प्रत्याशी विजयी होकर आए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि क्षेत्र की जनता किस नेतृत्व पर विश्वास करती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर जीत के बाद खुशी जताते हुए इसे संगठन की एक बड़ी उपलब्धि बताया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें