पालमपुर शहर के सौंदर्यीकरण और विकास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया
पालमपुर शहर के सौंदर्यीकरण और विकास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया
पालमपुर शहर के सौंदर्यीकरण और विकास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया, जब क्लॉक टावर रोटरी चौक पालमपुर द्वारा निर्मित का भव्य शुभारंभ किया गया। रोटरी क्लब की इस विशेष पहल के तहत लगभग 15 लाख रुपए की लागत से इस आधुनिक चौक का निर्माण कार्य संपन्न किया गया है। जनहित और शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले इस सुंदर चौक का लोकार्पण क्षेत्र की कई शीर्ष राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस ऐतिहासिक और गरिमापूर्ण उद्घाटन समारोह में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल और स्थानीय विधायक आशीष बुटेल उपस्थित रहे। शहर के विकास और इस सामाजिक पहल को सराहने के लिए पालमपुर नगर निगम की महापौर राधा सूद ने भी कार्यक्रम में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने रोटरी क्लब पालमपुर के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के साथ-साथ जब सामाजिक संस्थाएं इस तरह आगे आकर शहर के विकास में अपना योगदान देती हैं, तो समाज में एक बेहद सकारात्मक संदेश जाता है। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी पालमपुर की प्रगति और जनसेवा के कार्यों में इसी प्रकार अपना सक्रिय सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर महापौर राधा सूद, उपमहापौर नीलम मलिक, उपमंडल के विभिन्न अधिकारी कर्मचारी रोटरी क्लब के सदस्य और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें