रिवालसर में 5 जून से तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग शिविर का आयोजन
रिवालसर में 5 जून से तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग शिविर का आयोजन
आध्यात्मिक प्रगति और मानसिक शांति को बढ़ावा देने का प्रयास
रिवालसर : अजय सूर्या /
उपमंडल रिवालसर के स्थानीय क्षेत्र में आध्यात्मिक प्रगति, मानसिक शांति एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 जून से तीन दिवसीय निःशुल्क राजयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष शिविर 5 जून से 7 जून 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी नागरिकों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर को दो सत्रों में विभाजित किया गया है। प्रातःकालीन सत्र सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक तथा सायंकालीन सत्र शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति अपनी सुविधा अनुसार किसी भी एक सत्र में भाग ले सकते हैं।
शिविर के दौरान राजयोग ध्यान के माध्यम से मानसिक तनाव से मुक्ति, आत्मिक सशक्तिकरण, सकारात्मक चिंतन तथा जीवन में संतुलन स्थापित करने के विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इस कल्याणकारी कार्यक्रम में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए इच्छुक व्यक्ति अपने नजदीकी सेवाकेंद्र के मोबाइल नंबर पर "राजयोग" टाइप कर संदेश भेज सकते हैं। उन्होंने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।
यह शिविर समाज में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें