हार की बौखलाहट में लोकतंत्र और जनादेश का अपमान कर रहे हैं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर
हार की बौखलाहट में लोकतंत्र और जनादेश का अपमान कर रहे हैं मुख्यमंत्री : जयराम ठाकुर
भ्रष्टाचार के हर आरोप पर जवाब देने की बजाय बेशर्मी दिखा रहे हैं प्रदेश के मुखिया
आरोपों को मसाला कहने से नहीं दबेगी अटैचियों की हकीकत
मण्डी : अजय सूर्या /
मंडी से जारी बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हार की बौखलाहट मुख्यमंत्री के चेहरे और बयानों में साफ दिखाई दे रही है। इसीलिए वह जनादेश और लोकतंत्र का अपमान कर रहे हैं। संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जिन जनप्रतिनिधियों को हजार लोग चुनकर भेजते हैं उनके बारे में अपमानजनक और ओछी टिप्पणी करना मुख्यमंत्री की मानसिकता को दर्शाता है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के बारे में अनर्गल टिप्पणी उनकी संवैधानिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाती है। मुख्यमंत्री का बयान पूरी तरीके से शर्मनाक है और उन्हें अपने इस बयान के लिए प्रदेशवासियों से और जनप्रतिनिधियों से माफी मांगनी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के एक के बाद एक आरोप लगे। उनके साथ काम कर रहे अधिकारियों पर भी आए दिन सवाल उठे। मित्र मंडली द्वारा मचाई गई लूट और फैलाई गई अराजकता से पूरा प्रदेश त्रस्त है। लेकिन भ्रष्टाचार के हर आरोप पर मुख्यमंत्री सिर्फ बेशर्मी दिखाते हैं। 1500 करोड़ से ज्यादा के चेस्टर हिल मामले में नाम आने पर मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों को बचाने के लिए जिस तरीके के बयान दिए वह पूर्णतया शर्मनाक और उनकी भ्रष्टाचार के समर्थन की सोच को उजागर करता है। आज मुख्यमंत्री पर उनके ही पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं वह शर्मसार करने वाले हैं। मुख्यमंत्री पर इस तरीके के आरोप की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसके बाद भी मुख्यमंत्री उन आरोपों पर जवाब देने से भाग रहे हैं और जो कह रहे हैं वह सर्वथा उनकी लाचारी को दिखाता है। भ्रष्टाचार के इतने बड़े मामले पर मुख्यमंत्री का चुप रहना पूरे के पूरे प्रकरण को संदिग्ध बताने के लिए काफी है। इतने बड़े मसले को मसाला कह देने से काम नहीं चलेगा। मुख्यमंत्री को इन आरोपों का जवाब देना होगा। हर बात को टाल जाना, विपक्ष पर आरोप लगा देना। भ्रष्टाचार के आरोपों को राजनीतिक रंग दे देना हर बार नहीं चलेगा। प्रदेश को जवाब देना होगा और अटैचियों के आरोप के बारे में बताना होगा। झूठ बोलकर, लोगों को गुमराह करके मुख्यमंत्री सरकार के भ्रष्टाचार को ज्यादा दिन तक नहीं छुपा पाएंगे। अब लोग बोलने और सामने आने लगे हैं। भ्रष्टाचार की परतें खुलने लगी हैं। सरकार को हर आरोप पर जवाब देना होगा। इतने बड़े आरोप को मसाला कहने से अटैचियों की हकीकत नहीं दबेगी।
सराज के तांदी में जनादेश का मेला: पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने की शिष्टाचार भेंट, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के आवास पर इन दिनों जनादेश का मेला लगा हुआ है, जहाँ प्रदेश भर से स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों में जीत दर्ज कर आए नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पहुँचने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भारी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की, जिसमें बल्ह विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों और उप-प्रधानों ने विधायक इंद्र सिंह गांधी के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट की। इसके साथ ही, आनी विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी विधायक लोकेंद्र कुमार के साथ सौहार्दपूर्ण मुलाकात की, जहाँ क्षेत्र के विकास, जनहित से जुड़े मुद्दों और पंचायत स्तर पर बेहतर कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुई। सराज विधानसभा के बालीचौकी मंडल की नवगठित ग्राम पंचायतों बूँग जहलगाड़, गुराण, सुधराणी, लगड़याण (कशल), थाटा, काण्ढा, मुराह एवं खलवाण के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कांगड़ा से भी कई जनप्रतिनिधि उनसे मिलने पहुंचे।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के निर्वहन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी प्रतिनिधि जनता के भरोसे पर खरा उतरते हुए ग्रामीण विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, पारदर्शिता और क्षेत्र की समृद्धि में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेंगे।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संकेत
जयराम ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपनी धर्मपत्नी डॉ साधना ठाकुर के साथ अपने गांव तांदी में पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि वृक्ष स्वयं धूप में खड़े रहकर दूसरों को छाया देते हैं और अपने फल भी औरों को समर्पित करते हैं। वृक्ष वास्तव में सत्पुरुष के समान हैं। पृथ्वी हमारी माँ है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। एक पौधा केवल पेड़ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से अपने घर, गांव और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण करें तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें