नगर निगम कार्यालय पालमपुर में अधिकारियों को बताया जनगणना में स्व-गणना कैसे करें
नगर निगम कार्यालय पालमपुर में अधिकारियों को बताया जनगणना में स्व-गणना कैसे करें
मामले पर कार्यालय में पालमपुर के अधिकारियों के साथ निगमायुक्त ने आयोजित की बैठक
पालमपुर
नगर निगम पालमपुर कार्यालय में पालमपुर के अधिकारियों को लाइव जानकारी प्रदान की गई कि जनगणना के तहत डिजीटल तौर पर स्व-गणना कैसे करें। इस संबंध में कार्यालय में सभी अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त नेत्रा मेती ने की।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी स्व-गणना सुनिश्चित करें ताकि 16 जून के बाद गणना अधिकारी को जनगणना में आसानी हो सके। अधिकारी सुनिश्चत करें कि कार्यालय में सभी कर्मचारी स्व-गणना करें। जनगणना भारत सरकार की ओर से आयोजित करवाई जा रही है, नगर निगम क्षेत्र में इसका टेक्स से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस तरह की भ्रांतियों से दूर रहे।
शहर के जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार ने इस दौरान कहा कि डिजीटल स्व-गणना के दौरान आईडी जेनेरेट होगी। उस आईडी को संभाल कर रखना है। उन्होंने इस संबंध में लोगों को जागरूक करने की अपील भी की। बैठक में अधिकारियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जिस स्थान पर रह रहा है, उसकी स्व-गणना उसी स्थान से होगी। यदि किसी के बच्चे पढ़ाई के लिए घर से बाहर रहते हैं, उसे स्व-गणना में अपने साथ शामिल नहीं किया जाएगा। उसकी स्व-गणना अलग से होगी।
प्रथम चरण में घरों की गणना होगी तथा दूसरे चरण में जनगणना को अंजाम दिया जाएगा।
इस दौरान यह जानकारी प्रदान की गई कि जनगणना से संबंधित डाटा पूरी तरह से सुरक्षित है। जनगणना कर्मी को एक पहचान कार्ड दिया जाएगा जिसमें क्यूआर कोड दिया गया है। यदि किसी को कर्मी पर शंका हो तो क्यूआर कोड स्कैन कर कर्मचारी से संबंधित पूरी जानकारी हासिल कर सकता है।
इस दौरान पालमपुर उपमंडल के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें